राज्यसभा सांसद ने जाना पीड़ितों का हाल

राज्यसभा सांसद ने जाना पीड़ितों का हाल

गोपेश्वर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट  ने गुरुवार को नंदानगर प्रखंड के आपदा प्रभावित क्षेत्रों फ़ाली, कुंतरी, सेरा गांव और धुर्मा गांव का दौरा  कर पीड़ितों का हालचाल जाना। इस दौरान वह आपदा पीड़तों से मिले और उनके कष्ट में शामिल होते हुए शासन प्रशासन से प्रभावितों को अतिशीघ्र सहायता देने के निर्देश दिए। बीती 17 सितम्बर को आसमान से बरसी आफत में दर्जनों मकान, खेत खलिहान, सैकड़ों नाली कृषि भूमि, गौचर – पनघट, घराट तबाह हो गए थे। सेरा गांव में तो मोक्ष नदी ने इस कदर तबाही मचाई कि पत्रकार महिपाल सिंह गुसाईं के जिस आंगन में 24 सितम्बर को शहनाई गूंजनी थी, वहां सब कुछ तबाह हो गया। उनकी बेटी की शादी के लिए सभी तैयारियां की जा चुकी थी, लेकिन मोक्ष नदी ने इस कदर कहर बरपाया कि सारे अरमानों पर पानी फेर दिया। बहरहाल शुभचिंतकों ने विवाह स्थल बदल कर गोपेश्वर में बेटी के हाथ पीले कर दिए थे लेकिन तबाही का खौफनाक मंजर अभी भी झकझोर कर रख रहा है। महिपाल सिंह गुसाईं के अलावा कई अन्य परिवार् भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। महेंद्र भट्ट ने आज खुद उस तबाही का जायजा लिया।
दूसरी ओर फाली और कुन्तरी में आधा दर्जन से अधिक लोग सैलाब में बह गए थे। वहां भी भीषण तबाही के निशान अभी बाकी हैं। सीएम और प्रभारी मंत्री आपदा के तुरंत बाद स्थिति का जायजा ले चुके है लेकिन फौरी राहत पहुंचाने के अतिरिक्त बाकी राहत अपेक्षित है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने धुर्मा में आपदा पीड़तों को सरकार की ओर से आश्वस्त किया कि उनकी मदद करने में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रहेगी। जल्दी ही बिजली, पानी, सड़क स्वास्थ्य, शिक्षा सेवाओं की स्थिति को सुचारू करने के लिए सरकार युद्ध स्तर पर लगी है। प्रभावित लोगों के पूर्ण क्षतिग्रस्त मकानों का भुगतान कर दिया गया है, तथा लगातार सर्वे का कार्य चल रहा है, प्रभावितों ने सांसद के समक्ष सरकार के राहत कार्यों के आश्वासन पर संतोष जताया।
इस दौरान विधायक थराली  भोपाल राम टम्टा , जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्तवाल, नगरपालिका  गोपेश्वर के अध्यक्ष संदीप रावत, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, प्रमुख श्रीमती हीमा देवी, पूर्व  जिला पंचायत सदस्य चंद्र कला सती धुरमा के प्रधान पुष्पेन्द्र सिंह रावत नायाब तहसीलदार  राजेश  देवी बांसवाड़ा की प्रधान रेखा देवी  मंडल अध्यक्ष कृपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह, हीरा सिंह, मोहन सिंह, आदि मोजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *