शिविरों में हुआ ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान

चमोली/पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जनकल्याणकारी पहल ’जन-जन की सरकार’ के अंतर्गत जनपदों में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम बन रहे हैं। विकासखंड पोखरी की न्याय पंचायत थालाबैंड में आयोजित शिविर की अध्यक्षता सचिव सिंचाई एवं संस्कृति श्री युगल किशोर पंत ने की। शिविर में 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिसमें 500 से अधिक ग्रामीणों ने सहभाग किया। कुल 33 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 29 का मौके पर ही समाधान किया गया।

वहीं, विकासखंड थलीसैंण की न्याय पंचायत बगेली में आयोजित शिविर में 19 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर कर दिया गया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने की। दोनों शिविरों में अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।