रामकृष्ण परमहंस की 191वीं जयंती पर निकाली शोभायात्रा

हरिद्वार। रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, कनखल में गुरूवार को रामकृष्ण परमहंस की 191वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सेवाश्रम मठ से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो कनखल के प्रमुख बाजारों से होती हुई आश्रम परिसर में संपन्न हुई। कार्यक्रम के अंतर्गत मंगल आरती, हवन, जप और ध्यान का आयोजन किया गया।
संत सम्मेलन में मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि रामकृष्ण परमहंस जैसे महापुरुष जिस राष्ट्र को मिल जाते हैं, वह पूरे विश्व को आध्यात्मिक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि परमहंस जी ने स्वामी विवेकानंद जैसे महान शिष्य को विश्व को दिया, जिन्होंने भारत की संस्कृति और आध्यात्मिक शक्ति का वैश्विक स्तर पर प्रसार किया। संत सम्मेलन की अध्यक्षता अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज ने की। वक्ताओं ने परमहंस जी के सर्वधर्म समभाव और मानव सेवा के संदेश को आज के समय में प्रासंगिक बताया।