किसानों को कृषि संबंधी जानकारी देने के साथ किया समस्याओं का समाधान
पौड़ी। विकसित कृषि संकल्प अभियान खरीफ-2025 के अंतर्गत बीरोंखाल ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में भारत सरकार के उप सचिव अनूप सिंह बिष्ट, उप निदेशक एस. भानमती और क्षेत्रीय गृह अर्थशास्त्री जिस्नु के.जे. ने किसानों को कृषि संबंधी जानकारी देने के साथ ही समस्याओं का समाधान किया।
इस अवसर पर उप सचिव अनूप बिष्ट ने कहा कि काश्तकारों का उत्पादन बढ़ाने के लिए देश के हर कोने में अभियान चल रहा है। आईसीएआर की रिसर्च का लाभ काश्तकारों को मिले,इसके लिए जनता को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही जनता के साथ सीधा संवाद किया जा रहा है। उन्होंने कृषि मंत्रालय के माध्यम से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेचुरल फार्मिंग पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने काश्तकारों से एफपीओ फार्मर्स प्रोडूस आर्गेनाइजेशन गठित करने की अपील करते हुए कहा कि इससे उपज का उचित मूल्य मिलने के साथ ही अनुदान मिलना आसान हो जाता है। एस.भानमती ने कहा कि कृषि से जुड़े रहना वर्तमान समय की आवश्यकता है। हमें सुनिश्चित करना है कि किसान लाभ वाली फसल लगाएं तथा योजनाओं का लाभ उठाना सीखें। इस मौके पर रिटायर्ड अनु सचिव कृषि डी.पोनी, विधायक प्रतिनिधि ओमपाल सिंह बिष्ट, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. योगेश रुवाली, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उमेश कंडवाल, उद्यान विभाग से आनंद सिंह रावत, कृषि विभाग से विनोद कुमार आदि उपस्थित थे।