राज्य स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता 3 अप्रैल से, तैयारियां पूरी

हरिद्वार। जिला मुक्केबाजी संघ द्वारा 3 अप्रैल से आयोजित राज्य स्तरीय यूथ मुक्केबाजी प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विवेक विहार स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने बताया कि प्रतियोगिता बालक एवं बालिका वर्ग में आयोजित होगी, जिसमें 97 बालक और 57 बालिकाएं प्रतिभाग करेंगी। सभी टीमें 2 अप्रैल को योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद पहुंच जाएंगी।
उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रोहन सहगल ने बताया कि प्रतियोगिता में राज्य के 10 जिलों और 10 स्पोर्ट्स कॉलेजों की टीमें भाग लेंगी। इनमें अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल सहित कई जनपद शामिल हैं। सचिव विपिन चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड में बॉक्सिंग तेजी से उभरता खेल बन गया है और हर साल खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर रहे हैं। सचिव नवीन चौहान ने बताया कि खिलाड़ियों और कोच के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। बैठक में संघ के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।