कोटद्वार में हुआ डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का लोकार्पण

पौड़ी। डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र कोटद्वार का लोकार्पण भारत सरकार के विदेश मंत्रालय एवं भारतीय डाक विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर नागरिकों को पासपोर्ट सेवाओं की नई और सुगम सुविधा उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में केंद्रीय विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्य अतिथि ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विदेश सेवाओं को सरल और सुलभ बनाना है। वर्तमान में देशभर में 453 ऐसे केंद्र संचालित हैं। इस अवसर पर 12 आवेदकों को तैयार पासपोर्ट भी वितरित किए गए। सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि केंद्र खुलने से नागरिकों का समय बचेगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कोटद्वार में रेल, सड़क और पर्यटन विकास की कई योजनाओं की जानकारी भी दी। विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य, परिवहन और पर्यटन सुविधाओं की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।