पुलिस का ’’ऑपरेशन प्रहार’’ जारी, अपराधियों को ढूंढ-ढूंढकर दबोच रही पुलिस

पुलिस का ’’ऑपरेशन प्रहार’’ जारी, अपराधियों को ढूंढ-ढूंढकर दबोच रही पुलिस


देहरादून। देहरादून पुलिस ने अलग-अलग आपराधिक घटनाओं का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत यह कार्रवाई की गई।
रानीपोखरी थाना क्षेत्र में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने अभियुक्त देव मंडल (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी ने नागाघेर क्षेत्र में एक मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सीलिंग पंखा तथा स्टील और लोहे की टोंटियां बरामद की हैं। वहीं नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में एटीएम तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाले अभियुक्त सुरेश (24 वर्ष) को अजबपुर फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने हरिद्वार रोड स्थित उत्कर्ष बैंक के एटीएम को क्षतिग्रस्त कर नकदी चोरी करने का प्रयास किया था। उसके पास से एक चाकू, जैकेट और मास्क बरामद हुआ है। दोनों मामलों में पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अहम सुराग जुटाए और मुखबिर तंत्र की मदद से अभियुक्तों तक पहुंची। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


स्नेचिंग की दो घटनाओं का खुलासा, आरोपी दबोचे

देहरादून में स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दून पुलिस ने स्नेचिंग की दो घटनाओं का खुलासा कर एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। क्लेमेंटाउन क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग की घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी आकाश (25 वर्ष) को झील तिराहा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई चेन, एक सैमसंग अल्ट्रा मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। वह सहस्त्रधारा क्षेत्र में एक कंपनी में स्टोरकीपर के रूप में कार्यरत था। पुलिस अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *