एसएसपी की सख्ती से पुलिस को मिली सफलता, अवैध असलहा सप्लायर गिरफ्तार

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना खानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध तमंचों की सप्लाई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया।
शुक्रवार की रात बिजनौर सीमा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने तेज गति से भागने की कोशिश की, लेकिन बैरियर लगाकर पीछे बैठे आरोपी को दबोच लिया गया। तलाशी में उसके पास से 3 देशी तमंचे (.315 बोर), 1 तमंचा (12 बोर) और 40 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी शमशेर (40) निवासी करणपुर ने बताया कि वह पुरकाजी (मुजफ्फरनगर) से असलहा लाकर पथरी क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है।