अपहरण और फिरौती के खेल का पुलिस ने किया पर्दाफाश, पांच शातिर गिरफ्तार

देहरादून। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक के अपहरण और एक लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले पांच शातिर अभियुक्तों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है।
दो मार्च को पुष्पा देवी, निवासी भोजावाला विकासनगर, ने थाने में तहरीर देकर बताया कि कुछ अज्ञात व्यक्ति वाहन संख्या यूके-07-एफएस-4482 व मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे, जबरन अंदर घुसे और उनके पुत्र शक्ति पुंडीर के साथ मारपीट कर उसे अगवा कर ले गए। बाद में अज्ञात नंबर से कॉल कर युवक को छोड़ने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0-63/2026 धारा 140(2)/115(2)/333 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और वाहन स्वामी की जानकारी जुटाई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसी रात युवक को विकासनगर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया तथा घटना में शामिल पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त स्वयं को धार्मिक संगठन से जुड़ा बताकर नशे के आदी युवकों को धमकाते और झूठे आरोप लगाकर ब्लैकमेल करते थे। इस मामले में भी युवक पर मादक पदार्थ तस्करी का झूठा आरोप लगाकर उसे जबरन ले जाया गया और फिरौती मांगी गई। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।