बद्रीनाथ धाम में पुलिस, असम राइफल्स व बीडीएस ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद चमोली में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में पुलिस, असम राइफल्स और बम डिस्पोज़ल स्क्वॉड टीम द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा ड्रिल एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी क्रम में थाना श्री बद्रीनाथ पुलिस ने बीडीएस टीम और मंदिर समिति के साथ मिलकर बाबा बद्रीनाथ धाम परिसर में संयुक्त सुरक्षा अभ्यास किया।
अभियान के दौरान मंदिर परिसर, श्रद्धालु प्रवेश द्वार, पार्किंग स्थल, प्रतीक्षालय और आसपास के मार्गों का गहन निरीक्षण किया गया। बीडीएस टीम ने अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से प्रत्येक क्षेत्र की जांच की तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी। इस सुरक्षा ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखना था, ताकि सुरक्षा व्यवस्थाएं और अधिक प्रभावी बन सकें। इससे पूर्व कोतवाली ज्योतिर्मठ क्षेत्र में भी बीडीएस टीम और पुलिस ने संयुक्त सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसमें प्रमुख धार्मिक स्थलों, बस एवं टैक्सी स्टैंड, बाजार क्षेत्र और तीर्थयात्रा मार्गों का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। साथ ही गौचर एयरपोर्ट, जनपद के प्रवेश द्वारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी चेकिंग जारी है।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने नागरिकों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।