सीनियर बालक वर्ग एथलीट प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

विकासनगर। सेपियंस स्कूल विकासनगर में बुधवार को सहोदय सीनियर बालक वर्ग एथलीट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें 26 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय अध्यक्षा इंदिरा रानी ने खेल मशाल जलाकर किया। प्रतिभागियों ने मार्च पास्ट कर उत्साहपूर्ण माहौल बनाया। प्रतियोगिता में 100, 200, 400, 800 और 1600 मीटर दौड़ के साथ गोला, भाला, चक्का फेंक, लम्बी कूद और रिले रेस आयोजित हुई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दून ग्लोबल स्कूल प्रथम, सेपियंस स्कूल हरबर्टपुर द्वितीय और सेपियंस स्कूल विकासनगर व बलूनी पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहे। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक रविकांत सपरा, अध्यक्षा इंदिरा रानी, निदेशिका रश्मि गोयल और अन्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।