जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार में हो रहा समस्याओं का समाधान

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार में हो रहा समस्याओं का समाधान


देहरादून। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत देहरादून जिला प्रशासन द्वारा कालसी ब्लॉक की दूरस्थ न्याय पंचायत उद्पाल्टा में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 447 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया।
अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा ने शिविर में जनसुनवाई करते हुए 39 जनशिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्ध निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। शिविर के दौरान जन्म, मृत्यु, यूसीसी सहित 28 प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 191 व्यक्तियों की जांच कर निःशुल्क औषधियां वितरित की गईं। कृषि, समाज कल्याण, पशुपालन, पूर्ति, पंचायती राज, श्रम एवं अन्य विभागों द्वारा भी योजनाओं का लाभ देते हुए ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया गया।


शिविर में 118 लोगों को मिला लाभ, 86 को प्रमाण पत्र

हरिद्वार। विकासखंड नारसन की न्याय पंचायत लाठरदेवाहूण स्थित प्राथमिक विद्यालय गदरजुड़ा में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से 118 क्षेत्रवासियों को योजनाओं का लाभ और 86 लोगों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कुल 419 लोगों ने इसमें भाग लिया। शिविर में क्षेत्रवासियों द्वारा दर्ज 15 समस्याओं में से 8 का मौके पर समाधान किया गया, शेष को संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। प्रमुख समस्याओं में पानी की टंकी, राशन कार्ड, आधार कार्ड, वृद्धावस्था-पेंशन, किसान सम्मान निधि, भूमि विवाद, अतिक्रमण, जलभराव आदि शामिल थीं।


शिविर, 25 शिकायतें दर्ज, 78 लाभार्थी लाभान्वित

पौड़ी। विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत रिंगवाड़ी में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में  कुल 25 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में 518 लोगों ने प्रतिभाग किया तथा 78 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर की अध्यक्षता पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *