देवप्रयाग में पैराग्लाइडिंग स्थल को मिली संचालन की अनुमति
देवप्रयाग। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिरसेड कड़ाकोट में प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग स्थल को उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद की तकनीकी समिति की संस्तुति के बाद संचालन की अनुमति मिल गई है। विधायक विनोद कंडारी के प्रयासों के बाद पर्यटन विभाग ने स्थल का निरीक्षण किया और इसे पैराग्लाइडिंग के लिए सुरक्षित घोषित किया।
इस स्थल पर गतिविधियाँ केवल उत्तराखण्ड फुटलॉन्च पैराग्लाइडिंग नियमावली-2018 एवं उसके संशोधनों के तहत संचालित होंगी। इस निर्णय से क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। विधायक कंडारी ने कहा कि देवप्रयाग की प्राकृतिक सुंदरता और भौगोलिक स्थिति पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों के लिए उपयुक्त है। स्थानीय पर्यटन कारोबार और जनप्रतिनिधियों ने इस फैसले का स्वागत किया। इससे क्षेत्र में पर्यटक आकर्षण बढ़ने और अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होने की उम्मीद है।