पैराग्लाइडिंग, क्याकिंग, साइक्लिंग व एंग्लिंग से बढ़ेगा रोमांच, नयार घाटी को मिलेगी नई पहचान

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी जनपद की नयार घाटी आगामी फरवरी में साहसिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनने जा रही है। सतपुली क्षेत्र के बिलखेत में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय ’नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल-2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पैराग्लाइडिंग, क्याकिंग, साइक्लिंग और एंग्लिंग जैसी रोमांचक गतिविधियां आयोजित होंगी। महोत्सव का आयोजन जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग और मत्स्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि लैंसडाउन, खिर्सू और बिलखेत में साइक्लिंग रैली आयोजित की जाएगी, जबकि ढाढूखाल से बिलखेत तक पैराग्लाइडिंग कराई जाएगी। नयार नदी में क्याकिंग और एंग्लिंग प्रतियोगिताएं भी होंगी। इसके साथ ही स्थानीय लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से नयार घाटी को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी और पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय रोजगार व स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।