मथुरा। तीर्थों के दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन नियति को कुछ ओर मंजूर था। मथुरा में भीषण हादसा हुआ। थार ने टेंपो में टक्कर मार दी। इसमें सवार लोग घायल हो गए। घायल संभल पाते इससे पहले पीछे से आ कंटेनर ने कुचल दिया। हादसे में तीन भाइयों समेत चार लोगों की माैत हो गई।
मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मृत चार लोगों में तीन सगे भाई थे। इंदौर निवासी महेश शर्मा, बिहारीलाल व हुकमचंद भांजे के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए वृंदावन आए थे। शादी से पूर्व ही तीनों की मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इंदौर निवासी तीनों भाई ट्रक की बॉडी बनाने का काम करते थे। उनका भांजा तेज कुमार परिवार सहित इंदौर से वृंदावन आकर वृंदा ऑरचीड में रहने लगा है। रविवार को तेज कुमार के लड़के तनिष्क की शादी है। इसी में शामिल होने के लिए तीनों इंदौर से शुक्रवार शाम को मथुरा आए थे। शनिवार को दोपहर तीनों ऑटो बुक कर वृंदावन घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान रामताल नगला पर कीकी रोड स्थित कृष्णा कुटीर के समीप हादसे में ऑटो चालक सहित चारों की मौत हो गई। देर रात मृतकों के परिजन थाने पर पहुंच गए।
ऑटो चालक साबिर जिम्मेदारियों को उठाकर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। साबिर के पिता रिक्शा चलाते हैं। दो छोटे भाई पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार में एक तलाकशुदा बहन साथ रह रही है। पूरे परिवार की जिम्मेदारियों को साबिर ने अपने कंधों पर उठा रखा था। साबिर के जाने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। साबिर तीनों भाइयों में बड़ा था। परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
हुआ था दर्दनाक हादसा
मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र के नगला कीकी मोड़ स्थित कृष्णा कुटीर के सामने शनिवार की दोपहर थार ने टेंपो में टक्कर मार दी। थार की टक्कर से घायल लोग स्वयं को संभालते इससे पहले पीछे से तेजगति से आए कंटेनर ने टेंपो सवारों को रौंद दिया। दुर्घटना में टेंपो सवार चार लोगों की मौके पर मौत हो गई।
एसपी सिटी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि दोपहर तीन बजे के लगभग कृष्णा कुटीर के सामने थार कार ने टेंपो को टक्कर मार दी। दुर्घटना में टेंपो सवार घायल हो गए और सड़क पर गिर गए। वह संभल पाते इससे पहले ही पीछे से तेजगति से आए कंटेनर चालक ने उन्हें कुचल लिया। मौके पर इंदौर के राज नगर निवासी मोहनलाल के पुत्र महेश शर्मा (45), बिहारी लाल शर्मा (60), हुकम चंद (40) व जयसिंहपुरा निवासी ऑटो चालक साबिर (22) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि इंदौर निवासी महेश शर्मा के भतीजे शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए।
———————
नींद की झपकी ने ले ली जान
यमुना एक्सप्रेस पर रविवार रात्रि के समय करीब दो बजे नोएडा से आगरा की तरफ जा रही सफारी कार थाना मांट क्षेत्र में माइल स्टोन 98 पर गांव जाबरा के समीप चालक को झपकी लगने पर आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन में घुस गई। कार में सवार प्रेम सिंह पुत्र रामवृक्ष निवासी गौर सिटी सी 1505 नोएडा, सूर्य सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी उपरोक्त को अनन्तकीर्ति हॉस्पिटल लक्ष्मी नगर मथुरा तथा पूजा पत्नी प्रेम सिंह, सुमित पुत्र सिकन्दर निवासी दरभंगा बिहार, रोशन पुत्र राजाराम निवासी 6/18 ए/5डी रविदास गली विश्वास नगर नई दिल्ली पूर्वी को जिला अस्पताल मथुरा भेजा गया। जिसमें पूजा व सुमित को चिकित्सक द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। सीओ मांट गुंजन सिंह ने बताया कि हादसे में दो की मौत हो गई और बाकी घायलों का इलाज चल रहा है। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से सड़क किनारे किया गया है।