खिर्सू में किसान दिवस पर जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, निस्तारण के निर्देश

देहरादून। विकासखंड खिर्सू के सभागार में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में ’’किसान दिवस’’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि व संबद्ध विभागों ने किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा कृषि सुधार को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
किसानों ने सोलर फेंसिंग, जंगली जानवरों से बचाव, स्वरोजगार और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजन के सुझाव रखे। डीएम ने व्यावसायिक उत्पादन और सामूहिक घेरबाड़ को जिला योजना में शामिल करने की बात कही। उन्होंने न्याय पंचायत प्रभारियों को नियमित गांव भ्रमण और मोबाइल नंबर साझा करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि ग्रामसभाएं यदि सर्वसम्मति से किसी उपयुक्त उद्योग का प्रस्ताव भेजें तो प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा। किसान अर्जुन सिंह की कीवी व सेब बागवानी हेतु स्प्रिंकलर मांग पर तत्काल आवेदन भरवाने के निर्देश दिए गए। ड्रिप सिंचाई, वर्मी कंपोस्ट, सिंचाई टैंक, स्ट्रीट लाइट व झाड़ी कटान संबंधी मांगों पर एक सप्ताह में निस्तारण रिपोर्ट मांगी गई। किसान दिवस के बाद डीएम ने वन विभाग की नर्सरी और ‘बासा’ होमस्टे का निरीक्षण किया। नर्सरी में पौध प्रजातियों के प्रदर्शन, भवन मरम्मत और हॉर्टि-टूरिज्म विकास के निर्देश दिए। होमस्टे तक पहुंच मार्ग प्रस्ताव और संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।