टिहरी में निर्वाचन नामावलियों के गहन पुनरीक्षण हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त

टिहरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खंडेलवाल ने जनपद स्तर पर विभिन्न नोडल अधिकारियों का चयन कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी शिवम त्रिपाठी को ईसीआई नेट व बीएलओ नेट से जुड़े तकनीकी कार्यों का दायित्व दिया गया है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डी.के. शर्मा को प्रपत्रों की छपाई और वितरण, जबकि प्रभारी जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा को मीडिया समन्वय और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी दी गई है।
जिला विकास अधिकारी मो. असलम को राजनीतिक दलों से समन्वय, उप महाप्रबंधक टीएचडीसी गणेश भट्ट को कंट्रोल रूम संचालन, एआरटीओ राजेन्द्र विराटिया को परिवहन व्यवस्था, तथा जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी साक्षी शर्मा को आंकड़ों के संकलन का कार्य सौंपा गया है।
डीपीआरओ मोहम्मद मुस्तफा खान को प्रशिक्षण, दूरसंचार विभाग के बलवंत सिंह को संचार व्यवस्था, डीपीआरओ संजय गौरव को ग्रामीण क्षेत्रों में बीएलओ समन्वय और डीएसओ मनोज डोभाल को शहरी बीएलओ व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासन का लक्ष्य इस पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराना है।