मसूरी रोड पर ओवरटेकिंग विवाद में फायरिंग, मॉर्निंग वॉक कर रहे व्यक्ति की मौत

देहरादून। थाना राजपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक गंभीर घटना सामने आई, जहां वाहन को पास न देने को लेकर दो कार सवारों के बीच विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। इस दौरान चली गोली से मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को सुबह करीब 6ः50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना पर तत्काल एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो छ कार में सवार लोगों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा किया और उसे रोकने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग की। इसी दौरान एक गोली सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे व्यक्ति को लग गई। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर वाहन अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास पेड़ से टकरा गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर में सवार लोगों के साथ मारपीट कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर सवार दो लोग भी घायल हुए हैं।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।