धारी देवी मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक, श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर

श्रीनगर। श्रीनगर गढ़वाल में धारी देवी मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम और मंदिर समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर आरती भंडारी ने की। बैठक में मंदिर परिसर की व्यवस्था, स्वच्छता और श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर की पवित्रता और अनुशासन बनाए रखने के लिए परिसर में मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम द्वारा सामान सुरक्षित रखने हेतु लॉकर की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा मंदिर में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सिंगल विंडो प्रणाली लागू करने पर सहमति बनी। साथ ही मंदिर परिसर को अतिक्रमण मुक्त रखने और स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक में नगर निगम के अधिकारी, वार्ड पार्षद और मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

आधुनिक वॉल वॉशर लाइटिंग से जगमगाया धारी देवी मंदिर
श्रीनगर। चारधाम यात्रा से पूर्व श्रीनगर स्थित धारी देवी मंदिर परिसर में आधुनिक वॉल वॉशर लाइटिंग की व्यवस्था स्थापित की गई है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में यह कार्य समयबद्ध रूप से पूरा किया गया। रंग-बिरंगी प्रोग्रामिंग आधारित रोशनी से मंदिर परिसर रात में अत्यंत भव्य और आकर्षक दिखाई दे रहा है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि यह प्रणाली कंप्यूटर के माध्यम से संचालित होती है और विभिन्न पैटर्न में रोशनी प्रदर्शित करती है। इस पहल में मंदिर समिति, स्थानीय नागरिक और संबंधित विभागों का सक्रिय सहयोग रहा। लाइटिंग व्यवस्था से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन में भी प्रोत्साहन मिलेगा।