पेयजल समस्या समाधान को मेयर की पहल, होटलों में भी बढ़ेगी आपूर्ति

श्रीनगर गढ़वाल। शहर में पेयजल समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने सक्रिय पहल शुरू कर दी है। मेयर आरती भंडारी की अध्यक्षता में जल संस्थान के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में सभी वार्डों में नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने और पर्यटन सीजन के दौरान होटलों में पानी की उपलब्धता बढ़ाने पर चर्चा की गई।
मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति को सुचारू रखा जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही यात्रा सीजन को देखते हुए होटलों में जल आपूर्ति का समय बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पानी जैसी मूलभूत सुविधा का बेहतर प्रबंधन आवश्यक है। बैठक में नगर निगम, जल संस्थान, होटल एसोसिएशन और व्यापार सभा के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस पहल से शहरवासियों और होटल व्यवसायियों को राहत मिलने की उम्मीद है।