कुम्भ क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाना मेला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता: मेलाधिकारी

कुम्भ क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाना मेला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता: मेलाधिकारी


हरिद्वार। मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि आगामी कुम्भ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगमता सुनिश्चित करने के साथ ही कुम्भ क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाना मेला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अखाड़ों एवं धर्मगुरुओं की सम्मति तथा राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप कुम्भ मेला-2027 को दिव्य एवं भव्य रूप से आयोजित करने के लिए मेला प्रशासन द्वारा विस्तृत कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है।
मेलाधिकारी सोनिका ने बुधवार को प्रेस क्लब (रजि.) हरिद्वार द्वारा आयोजित ‘संवाद’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए आगामी कुम्भ मेला की तैयारियों की जानकारी दी तथा व्यवस्थाओं के संबंध में पत्रकारों के सुझाव भी सुने। उन्होंने कहा कि पत्रकारों एवं विभिन्न संगठनों से प्राप्त फीडबैक से मेले के सफल आयोजन में सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में मेला क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के कार्य संपन्न कराए जा रहे हैं। कुम्भ मेला की व्यवस्थाओं के लिए 1224 करोड़ का परिव्यय प्रस्तावित किया गया है। शासन द्वारा अभी तक 219 करोड़ की लागत के 35 स्थायी कार्यों की स्वीकृति संबंधी शासनादेश जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से लगभग दो दर्जन योजनाओं पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। शेष कार्य भी शीघ्र प्रारंभ कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कुम्भ मेला के दौरान आने वाले श्रद्धालु यहां से बेहतर अनुभव लेकर लौटें, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष धर्मेन्द्र चौधरी एवं महामंत्री दीपक मिश्रा सहित प्रेस क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *