धामी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल: धन सिंह रावत से छीना स्वास्थ्य विभाग, सुबोध को नई जिम्मेदारी

धामी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल: धन सिंह रावत से छीना स्वास्थ्य विभाग, सुबोध को नई जिम्मेदारी

देहरादून। धामी सरकार के हालिया कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। इस फेरबदल में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग वापस ले लिया गया है, जबकि यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को सौंपी गई है।
जारी सूची के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने पास सामान्य प्रशासन, गृह, कार्मिक, सतर्कता, नियुक्ति एवं प्रशिक्षण और सूचना एवं जनसंपर्क जैसे अहम विभाग रखेंगे। ये विभाग शासन की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था के संचालन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। सुबोध उनियाल को पहले से ही वन विभाग, निर्वाचन, विधायी एवं संसदीय कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, और अब स्वास्थ्य विभाग जुड़ने के बाद उनका दायरा और भी बढ़ गया है। उन्हें सरकार के कद्दावर और अनुभवी नेताओं में गिना जाता है, जो अपने स्पष्ट और बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। सुबोध उनियाल का राजनीतिक सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने अपनी पढ़ाई इलाहाबाद विश्वविद्यालय से की और राजनीति की शुरुआत कांग्रेस पार्टी से की। वर्ष 2002 में उन्होंने नरेंद्रनगर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। वर्ष 2016 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नरेंद्रनगर सीट से जीत दर्ज की और त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार में मंत्री बने। उस दौरान उन्हें कृषि, बागवानी, वृक्षारोपण और रेशम विकास जैसे विभागों की जिम्मेदारी दी गई थी। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने नरेंद्रनगर से जीत हासिल की और धामी सरकार में वन मंत्री बने। अब कैबिनेट विस्तार के बाद स्वास्थ्य विभाग मिलने से उनकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *