फर्जी एआई पोस्ट के खिलाफ महिला कांग्रेस का ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

फर्जी एआई पोस्ट के खिलाफ महिला कांग्रेस का ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

देहरादून। प्रदेश महिला कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून से मुलाकात कर सोशल मीडिया पर फर्जी एआई जनरेटेड पोस्टों के माध्यम से कांग्रेस और उसके नेताओं की छवि धूमिल किए जाने का आरोप लगाया। प्रतिनिधिमंडल ने दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि फेसबुक के कुछ पेज “धाकड़ धामी”, “वसूली अभियान मोर्चा”, “सनातनी धामी” और “धामी की धमक” के माध्यम से कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं के खिलाफ भ्रामक व आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही है। आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दुरुपयोग कर झूठे और मनगढ़ंत कंटेंट तैयार किए जा रहे हैं, जिससे समाज में भ्रम और वैमनस्य फैलने की आशंका है। महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की छवि को भी इसी तरह निशाना बनाया गया है। उन्होंने आईटी एक्ट के तहत दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में आशा मनोरमा शर्मा, उर्मिला थापा, निधि नेगी और चन्द्रकला नेगी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *