महेंद्र भट्ट पुनः मिली भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की कमान, निर्विरोध हुए निर्वाचित

राष्ट्रीय परिषद के 8 सदस्य भी हुए घोषित

 

DESK THE CITY NEWS

देहरादून। एक बार पुनः राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट उत्तराखंड बीजेपी के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। सोमवार को ही उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था, वो बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अकेले उम्मीदवार थे। ऐसे में सोमवार को ही तय हो गया था कि महेंद्र भट्ट निर्विरोध प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष चुन लिए जाएंगे। मंगलवार को उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी सहित मुख्यमंत्री की उपस्थिति में महेंद्र भट्ट को प्रशस्ति पत्र देकर पुनः प्रदेशाध्यक्ष की कमान सौंपी गई।
मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व पर प्रदेश परिषद की बैठक में महेंद्र भट्ट के प्रदेश अध्यक्ष बनने की घोषणा की गई। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की घोषणा भी केंद्रीय चुनाव प्रभारी केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा द्वारा की गई। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में संगठन के सभी बड़े पदाधिकारियों के सामने महेंद्र भट्ट के उत्तराखंड बीजेपी का अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा की गई। इस तरह महेंद्र भट्ट लगातार दूसरी बार उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। बीजेपी हाईकमान ने आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महेंद्र भट्ट को ही उत्तराखंड में पार्टी की कमान सौंपने का निर्णय लिया। सबसे बड़ी बात ये है कि महेंद्र भट्ट की सीएम पुष्कर सिंह धामी के साथ अच्छी ट्यूनिंग भी है। ऐसे में प्रदेश के इन दो बड़े बीजेपी नेताओं के नेतृत्व में ही 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा।

पहले 2022 में बने थे प्रदेशाध्यक्ष  

इससे पहले 2022 में महेंद्र भट्ट उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बने थे। उनके कार्यकाल में बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनावों में राज्य की सभी 5 संसदीय सीटें जीती थीं। निकाय चुनावों में भी बीजेपी को भारी सफलता मिली थी। इससे संगठन में उनका कद बढ़ता गया। बीजेपी हाईकमान ने महेंद्र भट्ट को राज्यसभा भी भेजा।

राष्ट्रीय परिषद के 8 सदस्य भी घोषित

प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही बीजेपी के 8 केंद्रीय परिषदों की भी घोषणा की गई। राष्ट्रीय परिषद के सदस्य राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए वोटिंग करेंगे। राष्ट्रीय परिषद् के लिए 8 नामांकन हुए थे। राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की घोषणा भी केंद्रीय राज्यमंत्री और चुनाव प्रभारी हर्ष मल्होत्रा ने की। जिनमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, नैनीताल-उधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, कल्पना सैनी शामिल हैं।

पुनः प्रदेश अध्यक्ष बनने पर महेन्द्र भट्ट को पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने पुष्पगुच्छ देकर शुभकामनाएं दीं। कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी न केवल संगठनात्मक रूप से मजबूत हुई है, बल्कि विभिन्न मोर्चों पर सक्रियता भी बढ़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *