कुंभ मेला 2027: पुलिस और अग्निशमन कर्मियों के लिए बेहतर आवासीय सुविधाओं पर जोर

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की बेहतर सुविधाओं पर शासन-प्रशासन ने विशेष ध्यान केंद्रित किया है। मेला ड्यूटी में तैनात कर्मियों के लिए स्थायी और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बैरकों का निर्माण प्राथमिकता पर रखा गया है।
रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में महिला पुलिसकर्मियों के लिए 100 बेड क्षमता की बैरक बनाई जा रही है, जिसमें सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इसके अलावा ऋषिकेश के भद्रकाली पुलिस चौकी में पुलिसकर्मियों के लिए और हरिद्वार में 300 बेड क्षमता की बैरक बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। अग्निशमन कर्मियों के लिए भी अलग से बैरकों का निर्माण किया जाएगा, ताकि आपातकालीन सेवाओं में लगे कर्मचारियों को बेहतर सुविधा मिल सके। स्थलों के चयन हेतु मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने अधिकारियों की टीम के साथ बैरागी कैंप स्थित घोड़ा पुलिस लाइन और मायापुर फायर स्टेशन परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में भूमि, पहुंच मार्ग, यातायात सुगमता और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता जैसे पहलुओं का मूल्यांकन किया गया। अपर मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बैरकों के लिए ऐसे स्थान चुने जाएं जहां पर्याप्त जगह हो और मेला क्षेत्र के केंद्रों तक आसानी से पहुंचा जा सके। निरीक्षण के बाद प्रस्ताव मेलाधिकारी को प्रस्तुत किया जाएगा, जो शासन से अंतिम स्वीकृति प्राप्त कर निर्माण कार्य समय से पूरा करवाएगा। निरीक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक जे.आर. जोशी, मेला कार्यालय के तकनीकी प्रकोष्ठ के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग और पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के अधिकारी उपस्थित रहे। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मेला और अन्य प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान सभी सुरक्षा कर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी।