अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर रखी कड़ी नजर

चमोली। चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में जनपद में व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान की निगरानी क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट और क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने की। गैरसैंण, ग्वालदम, मंडल और गौचर सहित समस्त थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, अवैध शस्त्र, एनडीपीएस पदार्थ, विस्फोटक सामग्री, अवैध शराब और वन्य जीव सामग्री की गहन जांच की गई।
एसपी चमोली ने कहा कि यह अभियान सीमावर्ती क्षेत्रों पर सतर्क निगरानी सुनिश्चित कर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर रहा है। मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने में यह कार्रवाई निर्णायक साबित होगी। अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।