करवा चौथ की खरीददारी से बाजारों पर चढ़ा रंग
विकासनगर। करवा चौथ का पर्व नजदीक आते ही विकासनगर के बाजारों में रौनक लौट आई है। महिलाओं के लिए वस्त्र, आभूषण और सौंदर्य प्रसाधनों की विविधता से दुकानें सज चुकी हैं। बाजारों में इन दिनों महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है और खरीदारी के चलते व्यापारियों के चेहरों पर भी मुस्कान दिखाई दे रही है।
मिट्टी के ’’करवों’’ की मांग तेजी से बढ़ी है, क्योंकि परंपरा के अनुसार करवा चौथ पर महिलाएं मिट्टी के करवे में जल भरकर पूजा करती हैं। निर्जला व्रत रखने वाली महिलाएं अपने पति के हाथों से इन्हीं करवों से जल ग्रहण कर व्रत तोड़ती हैं, इसलिए इनकी विशेष मांग रहती है। विकासनगर के बाजारों में ’’मेहंदी स्टॉल’’ भी सज गए हैं। हाथों में डिजाइनर मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है। कई महिलाओं ने मेहंदी लगाने के लिए एडवांस बुकिंग भी करा ली है। बाजार में ’’लाल रंग के वस्त्रों’’, विशेषकर साड़ियों की बिक्री में भी तेजी आई है, क्योंकि करवा चौथ पर लाल रंग पहनना शुभ माना जाता है।