संयुक्त सचिव ने किया देहरादून के पीएम श्री विद्यालयों का निरीक्षण

देहरादून। संयुक्त सचिव, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार, डॉ. महेन्द्र कुमार ने जनपद देहरादून के पीएम श्री विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकासखण्ड डोईवाला स्थित पीएम श्री राजकीय प्राथमिक विद्यालय जौलीग्रांट-2, रायपुर विकासखण्ड के पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड, पीएम श्री राजीव गांधी नवोदय विद्यालय तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय वीरपुर का भ्रमण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों से संवाद कर पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। समीक्षा बैठक में उन्होंने व्यावसायिक शिक्षा के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को पाठ्यक्रम में शामिल करने, विद्यालयों में स्वच्छक की नियुक्ति सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के लिए प्रेरित करने के सुझाव दिए।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने पीएम श्री विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता बनाए रखने और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित उपजिलाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।