जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहा जनसमर्थन

उत्तरकाशी। प्रतापनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला द्वारा निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा के तहत द्विजुला घाटी के कई गांवों में जनसंपर्क किया गया। उन्होंने गोदड़ी, क्यार्की, हलेथ, सिलारी, कोरदी और बेथाण सहित विभिन्न गांवों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात कर आशीर्वाद मांगा। रमोला ने कहा कि जनता का मिल रहा अपार समर्थन इस यात्रा को परिवर्तन यात्रा का रूप दे रहा है। उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमजोर स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रतापनगर के समग्र विकास के लिए वे जनता के साथ मिलकर निरंतर प्रयास करते रहेंगे।