धारा 34 व 143 वादों के निस्तारण पर तीन माह में कार्रवाई के निर्देश’’

देहरादून। मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष राजस्व परिषद आनन्द बर्द्धन ने शनिवार को जिलाधिकारियों संग समीक्षा बैठक कर निर्देश दिए कि धारा 34 और 143 से संबंधित एक वर्ष से अधिक पुराने सभी वाद अगले तीन माह में निस्तारित किए जाएं। गंभीर अनियमितताओं पर तत्काल विभागीय कार्रवाई और धीमी गति वाले अधिकारियों पर कारण बताओ नोटिस देने को कहा गया।
उन्होंने ऑनलाइन म्यूटेशन प्रक्रिया व ई-ऑफिस शीघ्र लागू करने, स्थानांतरित कार्मिकों को तुरंत कार्यमुक्त कर प्रमाणपत्र शाम तक भेजने, तथा आपदा से क्षतिग्रस्त पटवारी चौकियों व तहसील भवनों का आकलन जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राजस्व वसूली समितियों की नियमित बैठक, प्रमोशन लंबित पदों को शीघ्र भरने और सेवा का अधिकारके तहत प्रमाणपत्र निर्गत करने की समयसीमा कार्यालयों पर प्रदर्शित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरू, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत और सभी जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल हुए।