धराली पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही पर सख्त रुख

उत्तरकाशी। धराली आपदा की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने प्रभावितों को शीघ्र राहत प्रदान करने और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मिशियल प्रभावितों की राहत राशि समयबद्ध रूप से आरटीजीएस के माध्यम से खातों में स्थानांतरित करने के लिए एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों की निजी भूमि पर निर्माण से पूर्व भू-वैज्ञानिक सर्वे कराने के निर्देश दिए। बताया गया कि 20 प्रभावित परिवारों की सूची भू-वैज्ञानिक को भेजी जा चुकी है। सिंचाई विभाग द्वारा बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य शुरू न करने और आपदा जोन में भूमि चिन्हांकन न होने पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताते हुए कड़ी चेतावनी दी तथा आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। रीप योजनाओं की समीक्षा में महिला स्वयं सहायता समूहों को सेब उत्पादन, होम-स्टे और डेयरी से जोड़कर सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। 74 समूह सदस्यों को पहली किश्त के रूप में डेढ़-डेढ़ लाख रुपये दिए जा रहे हैं। बैठक में एडीएम, एसडीएम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।