नगर निगम हरिद्वार में स्वच्छता को लेकर की समीक्षा बैठक, दिए निर्देश
हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार में नगर आयुक्त नंदन कुमार की अध्यक्षता में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को बेहतर बनाने हेतु महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और नगर की रैंकिंग सुधारने पर विशेष ध्यान दिया गया।
नगर आयुक्त ने सभी मुख्य सफाई निरीक्षकों को अपने-अपने वार्डों को आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कार्रवाई और निगरानी पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक निरीक्षक प्रतिदिन कम से कम 10 चालान जारी करें, विशेषकर गंदगी फैलाने, अतिक्रमण और निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट पर। बैठक में बुल्क वेस्ट जेनरेटर्स की निगरानी को सुदृढ़ करने और गीले कचरे के प्रबंधन पर सख्त निर्देश दिए गए। नगर क्षेत्र में संचालित सभी डिस्लजिंग वाहनों का पंजीकरण कर सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी किए गए। ज्वालापुर क्षेत्र में गोबर प्रबंधन और 100 प्रतिशत कलेक्शन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़ी निगरानी का निर्देश दिया गया। बैठक में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, श्रीकांत, सुनील कुमार, मनोज कुमार, अर्जुन सिंह, सुरेंद्र कुमार, विकास झाझर और विकास चौधरी सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।