जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में गंगा स्वच्छता और अतिक्रमण हटाने पर दिया जोर

हरिद्वार। जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित की गई, जिसमें डीएफओ हरिद्वार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंगा में नालियों का गंदा पानी और कूड़ा-कचरा किसी भी दशा में न जाए। इसके लिए साफ-सफाई और लोगों को जागरूक करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। यदि कोई व्यक्ति नदी में कूड़ा फैके तो नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। बैठक में घाटों पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने और सिंचाई विभाग उत्तरप्रदेश से संबंधित परियोजनाओं के मरम्मत एवं सौंदर्यकरण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। नगर निगम को निर्देश दिए गए कि एसटीपी पर लगे सीसीटीवी कैमरों के पासवर्ड समिति के सदस्यों को उपलब्ध कराए जाएं। बैठक में उप वन संरक्षक स्वप्निल अनिरूद्व, एसडीओ उत्तर प्रदेश कैनाल भारत भूषण, उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, परियोजना अधिकारी सत्यदेव आर्य, जिला आपदा प्रबंधक अधिकारी मीरा रावत तथा समिति सदस्य रामेश्वर गौड़ और हिमांशु सरीन समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।