गैस आपूर्ति को लेकर अफवाहों पर न दें ध्यान

पौड़ी। घरेलू गैस की कमी की अफवाहों के बीच जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस की कोई कमी नहीं है और सभी एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से भ्रामक सूचनाओं से बचने और ऑनलाइन माध्यम से गैस बुकिंग करने की अपील की। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में एलपीजी आपूर्ति पर सख्त निगरानी रखते हुए 78 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इसमें 10 गैस गोदाम और 68 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान पौड़ी में अनियमितता मिलने पर 3 सिलेंडर जब्त किए गए। अधिकारियों को कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।