बिना नक्शा स्वीकृत कराए बने व्यावसायिक निर्माण को एचआरडीए ने किया सील
हरिद्वार। हरिद्वार विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा अवैध निर्माणों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में इक्कड़ खुर्द सराय रोड क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किए जा रहे एक व्यावसायिक निर्माण को प्राधिकरण की टीम ने सील कर दिया।
एचआरडीए उपाध्यक्ष सोनिका के स्पष्ट निर्देश हैं कि बिना स्वीकृत नक्शे के किए गए किसी भी प्रकार के व्यावसायिक निर्माण अथवा कॉलोनी निर्माण पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि इक्कड़ खुर्द सराय रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप कूड़ा डंपिंग स्थल के पास राहुल चौहान द्वारा लगभग 50×80 फीट क्षेत्रफल में भूतल पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान निर्माण को नियमों के विपरीत पाए जाने पर तत्काल सील की कार्रवाई की गई।
निर्माणकर्ता को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मानचित्र स्वीकृत कराए बिना आगे कोई कार्य न किया जाए, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।