किसानों के लिए ऐतिहासिक पहल है ’’विकसित कृषि संकल्प अभियान’’: गणेश जोशी
उत्तरकाशी/नौगांव। शनिवार को कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने उत्तरकाशी जनपद के रवाई घाटी अंतर्गत नौगांव स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में ’’विकसित कृषि संकल्प अभियान’’ का शुभारंभ किया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का कृषि मंत्री ने अवलोकन किया और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं व तकनीकी जानकारियों की सराहना की।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह अभियान किसानों के लिए एक ऐतिहासिक पहल है, जिसके माध्यम से वैज्ञानिक सीधे खेतों में जाकर किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक जिले में प्रतिदिन तीन टीमें काम करेंगी, जो प्रतिदिन लगभग 600 किसानों से सीधा संवाद करेंगी। मंत्री जोशी ने विश्वास जताया कि यह अभियान कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देगा और फसल उत्पादन एवं उत्पादकता में अभूतपूर्व वृद्धि का कारण बनेगा। इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौहान, पूर्व विधायक माल चन्द, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वैज्ञानिकों, कृषकों तथा युवाओं की बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री ने लिया देव डोलियों का आशीर्वाद
पुरोला। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पुरोला स्थित खेल मैदान में आयोजित श्री अष्टादश महापुराण ज्ञान यज्ञ में 41 देव डोलियों और 31 व्यास गणों का आशीर्वाद प्राप्त कर समस्त प्रदेशवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने इस आध्यात्मिक अनुष्ठान को देवभूमि उत्तराखंड की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बताया। इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौहान भी उपस्थित रहे।