स्वास्थ्य विभाग को मिलेंगे 287 नए चिकित्सक

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को जल्द ही 287 नए चिकित्सक मिलने जा रहे हैं। राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने चिकित्सा अधिकारियों की सीधी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया 20 नवम्बर से प्रारंभ होकर 10 दिसम्बर 2025 तक चलेगी। इन पदों में 231 सामान्य भर्ती और 56 बैकलॉग के पद शामिल हैं। चयनित चिकित्सकों की पहली तैनाती प्रदेश के दूरस्थ अस्पतालों में की जाएगी, ताकि ग्रामीण व पहाड़ी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हों। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह नियुक्तियां प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को नई मजबूती प्रदान करेंगी और आम जनता को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार की सुविधा सुनिश्चित करेंगी।