सूबे में अपनाया जाएगा गुजरात का सहकारिता मॉडल: डॉ. धन सिंह

देहरादून/गुजरात। उत्तराखंड के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार गांधीनगर में सहकारिता से जुड़े विभिन्न संस्थानों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अन्न भंडारण, बैंकिंग प्रणाली, डिजिटल विस्तार और किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं की जानकारी ली।
मीडिया को जारी बयान में डॉ. रावत ने कहा कि उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए गुजरात के सफल सहकारिता मॉडल को अपनाया जाएगा। राज्य में सहकारी संघों, बैंकों और समितियों में आधुनिक प्रबंधन प्रणाली, वैज्ञानिक अन्न भंडारण, पारदर्शी क्रेडिट व्यवस्था और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विशेष फोकस किया जाएगा। उन्होंने गांधीनगर स्थित सरढव सेवा सहकारी मंडली के अन्न भंडारण केंद्र का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक भंडारण प्रणाली की सराहना की। डॉ. रावत ने जिला सहकारी संघ और जिला सहकारी ऋण समिति लिमिटेड का दौरा कर पारदर्शी प्रबंधन और वित्तीय समावेशन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सहकारिता सामाजिक समरसता, सामूहिक भागीदारी और आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम है और गुजरात के अनुभवों से उत्तराखंड में इसे आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक-आधारित बनाया जाएगा।