जमीन घोटाले में सफेदपोश नेताओं के नाम उजागर करे सरकार
हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार द्वारा पं0 गोविंद वल्लभ पंत पार्क, देवपुरा चौक पर नगर निगम हरिद्वार में भूमि घोटाले में लिप्त अधिकारी व सफेदपोश नेताओं के नाम उजागर करने को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि नगर निगम हरिद्वार में हुए भूमि घोटाला किस भाजपा नेता के संरक्षण में हुआ यह जांच का विषय है और जब तक सफेदपोश नेताओं के नाम उजागर नहीं किए जाते तब तक कांग्रेस जन चुप नहीं बैठेंगे। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि भाजपा सरकार ने निगम चुनाव टालकर प्रशासक राज में घोटालों का अंबार लगा दिया है। कांग्रेस की मांग है कि पूरे प्रशासक कार्यकाल की जांच हो जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो। विधायक झबरेड़ा वीरेंद्र जाती और रूड़की महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि हरिद्वार नगर निगम में हुए घोटाले से साफ है कि भाजपा सरकार ने निगम, पालिका चुनाव में देरी सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए की। इस मौके पर ग्रामीण जिलाध्यक्ष अध्यक्ष राजीव चौधरी, पूर्व प्रदेश महासचिव वरुण बालियान, पूर्व अध्यक्ष ओपी चौहान, मनोज सैनी, मुकर्रम अंसारी, महेश प्रताप राणा, लता जोशी, विमला पाण्डेय आदि कांग्रेस जन उपस्थित रहे।