हिमालय संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है सरकार: मुख्यमंत्री

हिमालय संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है सरकार: मुख्यमंत्री
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य सरकार हिमालय संरक्षण को लेकर पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, इस महत्वपूर्ण काम में हम सभी को अपनी भूमिका निभानी होगी।
मंगलवार को आईआरडीटी सभागार में आयोजित हिमालय दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय मात्र बर्फीली चोटियों और विस्तृत पर्वतमालाओं का समूह नहीं है बल्कि ये सम्पूर्ण भारतीय उपमहाद्वीप का जीवन स्त्रोत भी है। हिमालय न केवल भारत के उत्तर में अटल प्रहरी का काम करता है, बल्कि इसकी पर्वतीय नदियाँ पूरे देश की जीवनधारा हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय की ऊंची चोटियां, विस्तृत ग्लेशियर, नदियां और जैव विविधता से भरपूर वन हमें न केवल प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव कराते हैं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां हिमालय से निकलने वाली नदियां देश के करोड़ों लोगों की प्यास बुझाती हैं वहीं इस पर पाए जानी वाली दुर्लभ जड़ी बूटियां आयुर्वेद का आधार हैं।
नए सिरे से सोचना होगा: अनिल
इस मौके पर पद्मभूषण डॉ अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि इस साल समूचे हिमालयी क्षेत्र में आपदाएं आई हैं, अब साल दर साल इस तरह की घटनाओं से मानूसन काल डराने लगा है। हमें हिमालय के पर्यावरण को बचाने के लिए नए सिरे से सोचना होगा।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर विधायक किशोर उपाध्याय, मेयर सौरभ थपलियाल, दर्जाधारी मधु भट्ट, महानिदेशक यूकॉस्ट प्रो. दुर्गेश पंत, सूर्यकांत धस्माना सहित प्रमुख लोग शामिल हुए।
हिमालय देष की आत्मा और प्रकृति की धरोहर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित एक होटल में ’हिन्दुस्तान समाचार पत्र द्वारा आयोजित “हिमालय बचाओ अभियान-2025”’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और हिमालय व पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि 2012 में शुरू हुआ यह अभियान अब जन-जन का अभियान बन चुका है। हिमालय देश की आत्मा और प्रकृति की धरोहर है, जिसकी नदियां जल व ऊर्जा का प्रमुख स्रोत हैं। राज्य सरकार वन व जल संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा, पौधारोपण और सस्टेनेबल टूरिज्म को बढ़ावा देकर पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने हिमालय संरक्षण हेतु जन-जागरूकता और पारंपरिक ज्ञान को नीति में शामिल करने पर जोर दिया।
आओ मिलकर हिमालय एवं पर्यावरण बचाएं का दिया संदेश
उत्तरकाशी। हिमालय दिवस के अवसर पर विजयनगर ज्ञानसू में दंपति सुचिता बिष्ट और अभयराज सिंह बिष्ट (एडवोकेट) द्वारा आओ मिलकर हिमालय एवं पर्यावरण बचाएं का संदेश दिया गया। इस अवसर पर हिमालय प्रतिज्ञा शपथ ली गई, जिसमें प्लास्टिक पॉलिथीन का प्रयोग न करने और हिमालय में मानवजनित नुकसान रोकने का संकल्प शामिल था।  इस मौके पर मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव, मुख्य वक्ता शांति ठाकुर (ग्लेशियर लेडी), प्रताप सिंह बिष्ट, वरिष्ठ अधिवक्ता पदम दत्त जोशी, गीता गैरोला, सभासद देवराज बिष्ट समेत अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *