गांवों तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है सरकार: डा. धन सिंह

श्रीनगर। प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र, विकासखंड खिर्सू में शिक्षा और सड़क विकास से जुड़े कई कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने राजकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को गणवेश वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। मंत्री ने विद्यार्थियों को शिक्षा, आत्मविश्वास और सम्मान के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और लगन से वे जीवन में आगे बढ़ सकते हैं।
इसके उपरांत उन्होंने चौरीखाल-मरगांव मोटर मार्ग का 162.97 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण कार्य का विधिवत लोकार्पण किया। मंत्री ने कहा कि यह सड़क क्षेत्रीय विकास, आवागमन सुविधा और स्थानीय जनता की समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि गांवों तक विकास की गति पहुँच सके और आमजन को सुविधा प्राप्त हो।