राजधानी में दिनदहाड़े गैस एजेंसी मालिक की गोली मारकर हत्या

हत्या के बाद फरार हुए बदमाश, तिब्बती मार्केट में मचा हड़कंप


देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक बार फिर अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। बुधवार को डालनवाला कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत व्यस्त तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े एक 40 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो एक रिटायर्ड कर्नल के पुत्र थे और जीएमएस रोड पर स्थित भारत गैस एजेंसी अमरदीप के मालिक थे। पुलिस के अनुसार अर्जुन शर्मा रोज़ की तरह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो अज्ञात युवकों ने तिब्बती मार्केट के पास उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और अर्जुन शर्मा को गंभीर हालत में देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी देहरादून अजय सिंह अस्पताल पहुंचे।


हत्या के बाद पूरे शहर में की नाकेबंदी

हत्या के बाद देहरादून पुलिस ने पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी है। सभी प्रमुख चेक पोस्टों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी का विवाद कारण हो सकता है। मृतक के दोस्त राजीव यादव ने बताया कि अर्जुन शर्मा को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की थी।
वहीं, मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराते हुए कुछ लोगों पर हत्या की साजिश रचने का शक जताया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

बोले आईजी गढ़वाल

गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने बताया कि मृतक का पारिवारिक व्यवसाय और संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते मृतक की मां द्वारा पहले उच्च न्यायालय से अपने बेटे से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा भी मांगी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *