पर्यटकों के लिए खुले गंगोत्री नेशनल पार्क और गर्तांग गली

उत्तरकाशी। शीतकाल के बाद बुधवार से गंगोत्री नेशनल पार्क को पर्यटकों, पर्वतारोहियों और ट्रैकर्स के लिए खोल दिया गया है। करीब 2390 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला यह पार्क हिमालय की समृद्ध जैव विविधता और हिम तेंदुए का प्राकृतिक आवास है।
गर्तांग गली, गौमुख ग्लेशियर सहित प्रमुख ट्रेकिंग रूट अब पर्यटकों के लिए उपलब्ध हैं, जिससे पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। पार्क प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे प्लास्टिक का उपयोग न करें और स्वच्छता बनाए रखें। साथ ही यात्रा से पहले परमिट और आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने को कहा गया है। गेट खुलने के अवसर पर उपनिदेशक हरीश नेगी सहित वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।