गणेश महोत्सव की धूम: शहर से देहात तक गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे

गणेश महोत्सव की धूम: शहर से देहात तक गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे


हरिद्वार। गणेश महोत्सव की धूम इस वर्ष भी पूरे क्षेत्र में देखने को मिली। गणेश चतुर्थी पर शहरों की गलियों से लेकर देहाती अंचलों तक भक्तिमय माहौल रहा। घर-घर और सार्वजनिक पंडालों में गणपति बप्पा की प्रतिमाएं विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ स्थापित की गईं और गणपति बप्पा मोरिया के जयकारें गूंजे। श्रद्धालु उत्साह और आस्था के साथ सजावट, रोशनी और भजन-कीर्तन में जुटे रहे। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों, भक्ति संगीत और झांकियों की भी विशेष तैयारियां की गई। महोत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कई स्थानों पर इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं को प्राथमिकता दी गई। आगामी दिनों में शहरों और गांवों के पंडालों में भव्य आयोजन और शोभायात्राएं देखने को मिलेंगी।


पंचमुखी गणपति परिवार संघ का 17वां गणेश उत्सव शुरू

हरिद्वार। पंचमुखी गणपति परिवार संघ द्वारा आयोजित 17वां गणेश उत्सव चतुर्थी पर बड़े ही धूमधाम एवं श्रद्धा-भाव के साथ प्रारंभ हुआ। खेमानंद मार्ग, भीमगोड़ा स्थित पंडाल में गणपति बप्पा की स्थापना पूरे वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान के साथ की गई। इस वर्ष आयोजन समिति ने मां गंगा की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए विशेष पहल की है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए पीओपी (प्लास्टर ऑफ पेरिस) की प्रतिमा के स्थान पर पीतल की प्रतिमा स्थापित की गई है। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि यह 10 दिवसीय महोत्सव रहेगा, जिसमें प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम, भक्ति संध्या और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, महोत्सव के समापन पर पीतल की प्रतिमा का विसर्जन न कर पुनः उपयोग में लाया जाएगा, ताकि गंगा नदी को प्रदूषण से बचाया जा सके। इस मौके पर मोनी गिरि, आकाश गिरि, शौर्यमन गिरि, शीतल गिरि, श्रिद्धि गिरि आदि मौजूद थे।

रेनबो पब्लिक स्कूल में बच्चों ने किया विशेष पूजन

श्रीनगर। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर रेनबो पब्लिक स्कूल, श्रीनगर गढ़वाल में एक विशेष आयोजन हुआ, जहां बच्चों को देव स्वरूप मानकर उनका पूजन एवं सम्मान किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बच्चों की मासूमियत और पवित्रता वास्तव में दिव्य स्वरूप की झलक देती है। इस दौरान प्रिंसिपल, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

कनखल में 17वां गणेश जन्मोत्सव धूमधाम से शुरू

कनखल। श्री रामलीला भवन में धर्म रक्षा मिशन द्वारा 17वां गणेश जन्मोत्सव आयोजित किया गया। आचार्य पंडित नितिन शुक्ला के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में जनमानस के कष्टों के निवारण और देश की सुख-समृद्धि हेतु गणपति का एक हजार सहस्रनामों से मोदक, चावल, बेसन, दूर्वा, घी एवं पुष्पादि से अभिषेक किया गया। कार्यक्रम में विधायक मदन कौशिक, मेयर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप गोयल व पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने भाग लिया। मुख्य जजमान डॉ. अशोक मानवी, संजय अग्रवाल एवं लव चौधरी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *