देररात हुआ हादसा, सूचना पर तत्काल पहुंची रेस्क्यू टीम
DESK THE CITY NEWS
उत्तरकाशी। जनपद के राजस्व ग्राम ओडाटा के मोरा तोक स्थित गुजर्र बस्ती में एक भीषण हादसा हो गया। इसमें एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना के बाद राजस्व, एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं घटना पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब दो बजे गुलाम हुसैन के आवासीय मकान की दीवार अचानक ढह गई। जिसमें सो रहे परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। मृतकों की पहचान गुलाम हुसैन (26 वर्ष) पुत्र अली अहमद, उसकी पत्नी रुकमा खातून (23 वर्ष), पुत्र आबिद (3 वर्ष) और 10 माह की बेटी सलमा के रूप में हुई है। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस-प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार मोरी जब्बर सिंह असवाल, राजस्व उप निरीक्षक, एसडीआरएफ और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने मलबे में दबे शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
दीवार गिरने का कारण नहीं हो पाया स्पष्ट
तहसीलदार जब्बर सिंह असवाल ने घटना की पुष्टि की और बताया कि राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया था, लेकिन दुर्भाग्यवश चारों सदस्यों को बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दीवार गिरने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन क्षेत्र में हुई हालिया भारी बारिश या मकान की स्थिति को एक संभावित कारक के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं गुलाम हुसैन कच्चा मकान बनाकर रह रहा था, जो हादसे का शिकार हो गया।
मुख्यमंत्री ने किया दुःख व्यक्त
उत्तरकाशी के ओडाटा गांव में दीवार गिरने से चार लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत लोगों की आत्मा को श्री चरणों में स्थान एवं परिजनों को असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री