पूर्व प्रधान ने भाजपा में शामिल होने से किया इंकार, लगाया छल का आरोप

पूर्व प्रधान ने भाजपा में शामिल होने से किया इंकार, लगाया छल का आरोप

DESK THE CITY NEWS

 

हरिद्वार। कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह छल-कपट कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल दिखा रही है। ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. नेपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में भाजपा नेताओं ने ग्राम अलावलपुर में एक बैठक की। इस दौरान कांग्रेस के जिला पंचायत पूर्व प्रत्याशी व पूर्व प्रधान जगदीश कुमार को धोखे से भाजपा में शामिल कर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई।
हालांकि, जगदीश प्रधान ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि वह कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांव के कुछ लोग उन्हें समाज की बैठक के बहाने ले गए थे, जहां अचानक भाजपा नेताओं ने उन्हें भाजपा में शामिल दिखाने की साजिश रची और आनन-फानन में वीडियो व फोटो वायरल कर दी। उन्होंने कहा कि उनका भाजपा में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है और वे कांग्रेस के साथ ही हैं। डॉ. नेपाल ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के पास अपने कर्मठ और निष्ठावान कार्यकर्ता नहीं हैं, इसलिए वह कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं को छलपूर्वक शामिल करने का ढोंग कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ रहा है और आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। ग्राम प्रधान खलील ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि जगदीश प्रधान कांग्रेस छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं। कुछ ग्रामीणों ने धोखे से उन्हें भाजपा में शामिल दिखा दिया था, जिसका अब उन्होंने स्वयं खंडन कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *