समीक्षा बैठक में सितम्बर तक 50 प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने पर दिया बल
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला योजना की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति पर चर्चा की गई।
जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी राम सलोने ने बताया कि अगस्त माह तक अनुमोदित 11999.20 लाख के सापेक्ष 8090.09 लाख अवमुक्त हुए, जिसमें से 2910.21 लाख व्यय कर 35.97 प्रतिशत प्रगति हासिल की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को सितम्बर अंत तक 50 प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग, पेयजल निगम, जल संस्थान और सिंचाई विभाग की उपलब्धियों पर विशेष चर्चा हुई। पेयजल निगम ने 50.21 प्रतिशत, जल संस्थान ने 95.23 प्रतिशत प्रगति दर्ज की। इसके अलावा कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, पर्यटन, युवा कल्याण, सहकारिता और पंचायतीराज विभागों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए ’’विवेक कुमार उपाध्याय’’ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।