दून में सत्यापन अभियान चलाकर 43 मकान मालिकों पर लगाया 4.30 लाख का जुर्माना

देहरादून। अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत पुलिस ने थाना कैंट क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने आजाद कॉलोनी, गोविंदगढ़, यमुना कॉलोनी, ईदगाह और बिंदाल क्षेत्र में अभियान चलाकर 780 लोगों का सत्यापन किया।
अभियान के दौरान पहचान संबंधी वैध दस्तावेज न दिखाने पर 90 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाकर उनका सत्यापन किया गया। किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले 43 मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए 4 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 व्यक्तियों का पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान कर 3750 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस के अनुसार जनपद में सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा।