विकसित कृषि संकल्प अभियान से किसानों को मिलेगी नई दिशा
पौड़ी। जनपद पौड़ी में 29 मई यानि आज से 12 जून 2025 तक चलने वाले विकसित कृषि संकल्प अभियान को लेकर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि यह अभियान जिले के किसानों के लिए एक नई दिशा और ऊर्जा देने वाला सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने का कार्य करेगी, बल्कि उन्हें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने का भी माध्यम बनेगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशनों के तहत इस अभियान के अंतर्गत कृषि विज्ञान केन्द्रों के वैज्ञानिक खेतों और गांवों में जाकर अपने शोध कार्यों की जानकारी किसानों से साझा करेंगे,जिससे किसान अपने खेतों में वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन बढ़ा सकें। साथ ही यह अभियान किसानों की मृदा स्वास्थ्य,फसल चयन,उर्वरक प्रयोग और जल प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों से भी उन्हें समृद्ध करेगा। सीडीओ ने मुख्य कृषि अधिकारी को इस अभियान के सफल संचालन हेतु जनपद में कंट्रोल रूम की स्थापना के निर्देश दिये हैं। जिसकी जिम्मेदारी डिप्टी प्रोजेक्ट डायरेक्टर आमता रवि कुमार को सौंपी गई है।