जन जागरुकता गोष्ठी में परिवार नियोजन पर दिया जोर
DESK THE CITY NEWS
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा विश्व जनसंख्या दिवस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला की अध्यक्षता में कार्यालय सभागार में जनजागरुकता गोष्ठी का आयोजन करने के साथ ही जनपद में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाडे़ का शुभारम्भ किया गया।
इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर ने कहा कि आज हमें लगातार बढ़ रही जनसंख्या पर नियंत्रण की आवश्यकता है। सीमित परिवार होने से बच्चों का अच्छे व स्वस्थ तरीके से पालन पोषण हो सकता है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से सरकारी चिकित्सा इकाइयों में स्थायी परिवार नियोजन के साथ ही अस्थायी परिवार नियोजन साधन निःशुल्क उपलब्ध हैं, वहीं लाभार्थियों को परिवार नियोजन साधन अपनाने पर प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। अस्थायी परिवार नियोजन साधनों को लेकर लोगों के मन में विभिन्न भ्रांतियां हैं जिसके लिए व्यक्ति को प्रशिक्षित चिकित्सक व स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से सलाह लेकर परिवार नियोजन साधनों को अपनाने पर जोर देना चाहिए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने कहा कि यह लाभार्थी की बास्केट ऑफ चॉइस पर निर्भर है कि लाभार्थी परिवार नियोजन को लेकर कौन सा साधन अपनाता है, परामर्शदाता को काउंसलिंग के दौरान लाभार्थी से परिवार नियोजन के स्थाई और अस्थाई साधनों के बारे में पूर्ण और स्पष्ट जानकारी साझा करनी आवश्यक है। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय कुमार त्यागी, डॉ. श्वेता नवानी, ए.एन.एम. विधि भंडारी, परिवार नियोजन परामर्शदाता सीमा काला आदि उपस्थित थे।
जनसंख्या स्थिरीकरण सप्ताह शुरू
रूद्रप्रयागं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में विश्व जनसंख्या स्थिरीकरण सप्ताह का शुभारंभ हो गया। इस मौके पर विभिन्न चिकित्सा इकाईयों में आयोजित संगोष्ठियों में महिलाओं के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित मातृत्व पर जोर देते हुए जनसंख्या स्थिरीकरण के लिए परिवार नियोजन की स्थाई व अस्थाई सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि ”मां बनने की उम्र वही, जब तन और मन की तैयारी सही” थीम पर जनपद के समस्त ब्लाकों में जागरूकता गोष्ठियों के आयोजन के साथ विश्व जनसंख्या स्थिरीकरण सप्ताह का शुभारंभ कर दिया गया है।